JANVAANI NEWS

आधी रात को घर का दरवाजा तोड़कर घुसे बदमाश, भाई को अगवा करने का प्रयास

22 May 2026, 02:00 PM • By PARAS KUMAR GUPTA

थाना कुतुबशेर क्षेत्र के मोहल्ला ढोलीखाल में बीती मध्य रात्रि को बदमाशों ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं। 

बदमाशों ने रात के अंधेरे में एक घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहाँ मौजूद युवक को बेरहमी से पीटते हुए अगवा करने की कोशिश की। 

बीच-बचाव करने आई उसकी बहन के साथ भी बदमाशों ने अश्लीलता और धक्का-मुक्की की। पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सहारनपुर की चौखट पर पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।

दरवाजा तोड़कर घर में घुसे नामजद बदमाश

मोहल्ला ढोलीखाल निवासी अदीबा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 20 और 21 मई की मध्य रात्रि को कुछ बदमाश उनके घर का दरवाजा तोड़कर जबरन अंदर घुस आए। 

हमलावरों में क्षेत्र का मुमताज बदमाश, उसका भतीजा अनहर, मुमताज का लड़का और एक अन्य युवक शामिल था, जिसे इलाके में सब 'कैफ कैम्पा' के नाम से जानते हैं।

भाई ओसामा को घसीटकर ले जाने का प्रयास, बहन से बदसलूकी

पीड़िता अदीबा का आरोप है कि घर में घुसते ही इन बदमाशों ने उनके भाई ओसामा को निशाना बनाया। 

बदमाशों ने ओसामा की बुरी तरह से पिटाई शुरू कर दी और उसे लहूलुहान हालत में घसीटते हुए जबरन घर से बाहर ले जाने लगे।

जब बहन अदीबा ने अपने भाई की जान बचाने का प्रयास किया और बदमाशों का विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ सरेआम अश्लीलता की और उन्हें जोर से धक्का देकर गिरा दिया

मोहल्लेवासी बने चश्मदीद, बाल-बाल बची जान

आधी रात को घर के भीतर मचे कोहराम और चीख-पुकार को सुनकर आसपास के पड़ोसी जाग गए। 

शोर-शराबा सुनकर मौके पर जीशान, शहजाद और बिलाल (चाट वाले) सहित कई अन्य लोग और महिलाएं दौड़कर पहुँचे। 

मोहल्लेवासियों को आता देख और खुद को घिरता पाकर बदमाश पीड़ित के भाई को छोड़ कर और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। 

इस पूरी वारदात को कई स्थानीय लोगों ने अपनी आँखों से देखा।

SSP से लगाई मुकदमा दर्ज करने की गुहार

घटना के बाद से पीड़ित परिवार बेहद डरा और सहमा हुआ है। 

पीड़िता अदीबा ने जिले के कप्तान (SSP) को लिखित शिकायती पत्र सौंपकर मुमताज, अजहर और कैफ कैम्पा सहित अन्य हमलावरों के खिलाफ तुरंत संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। 

पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई है कि उनके भाई की जान को इन बदमाशों से सख्त खतरा है, इसलिए जल्द से जल्द रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा जाए।

Read Original Article