JANVAANI NEWS

नो एंट्री से बचने के चक्कर में 'यमराज' बने ट्रक ने 10 साल के मासूम को रौंदा

22 May 2026, 02:39 PM • By PARAS KUMAR GUPTA

नो एंट्री की पाबंदी से बचने और शॉर्टकट अपनाने की ट्रक चालकों की जानलेवा जिद ने आखिर एक मासूम को अपनी चपेट में ले ही लिया। 

थाना फतेहपुर क्षेत्र के अंतर्गत अलावलपुर रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने 10 साल के मासूम बच्चे अशद को बुरी तरह रौंद दिया। 

हादसे में बच्चे की दोनों टांगें ट्रक के पहिए के नीचे आ गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। 

मौके पर मौजूद लोगों ने सूझबूझ और बहादुरी दिखाते हुए जान पर खेलकर मासूम को ट्रक के नीचे से निकाला और तुरंत इलाज के लिए सहारनपुर अस्पताल भिजवाया, जहाँ उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, घायल मासूम अशद पुत्र गालिब अलावलपुर रोड का रहने वाला है। 

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि हाईवे पर नो एंट्री से बचने के चक्कर में भारी ट्रक चालक फतेहपुर सरकारी अस्पताल के पीछे मौजूद गांव के बेहद संकरे रास्ते से होकर रोज गुजरते हैं। 

संकरा और रिहायशी रास्ता होने के बावजूद इन भारी ट्रकों की रफ्तार पर कोई लगाम नहीं होती, जो लगातार बड़े हादसों को दावत दे रहे थे और आखिरकार बृहस्पतिवार की दोपहर को इस लापरवाही ने एक मासूम को जिंदगी और मौत के मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। 

पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। 

लोगों का कहना है कि अगर पुलिस ने अस्पताल के पीछे वाले इस संकरे रास्ते से ट्रकों के अवैध संचालन पर समय रहते सख्त कदम उठाए होते, तो आज यह मासूम इस हालत में न होता। 

ग्रामीणों ने प्रशासन से इस रास्ते पर भारी वाहनों की एंट्री को पूरी तरह ब्लॉक करने और दोषी चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Read Original Article